अमरोहा। टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग को लेकर 4 अप्रैल को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित महारैली को सफल बनाने के लिए टीचर फेडरेशन ऑफ इंडिया (टीएफआई) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अतरासी स्थित संस्कार वाटिका में विभिन्न शिक्षक संगठनों की बैठक आयोजित कर रणनीति बनाई गई।
बैठक में मंडल मंत्री सर्वेश कुमार शर्मा ने कहा कि यह सिर्फ टीईटी का मुद्दा नहीं, बल्कि शिक्षकों के मान-सम्मान की लड़ाई है। उन्होंने सभी शिक्षकों से बड़ी संख्या में दिल्ली पहुंचकर अपनी आवाज बुलंद करने का आह्वान किया। निर्णय लिया गया कि प्रत्येक ब्लॉक से कम से कम चार बसों के माध्यम से शिक्षक रैली में शामिल होंगे। टीएफआई के राष्ट्रीय सचिव यशपाल सिंह ने कहा कि अमरोहा से हजारों शिक्षक एक दिन का अवकाश लेकर चार अप्रैल की सुबह दिल्ली कूच करेंगे।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि रास्ते में कहीं भी पुलिस द्वारा बसों को रोका गया तो शिक्षक वहीं धरना-प्रदर्शन शुरू कर देंगे। संचालन जिला मंत्री मुकेश चौधरी ने किया। इस दौरान इस अवसर पर ब्लॉक ब्लॉक अध्यक्ष गंगेश्वरी रामवीर सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष हसनपुर होमपाल सिंह चौहान, विपिन पंघाल, धर्मेंद्र सिंह कविराज सिंह, जागेश सिंह आदि रहे। संवाद