गजरौला के सेंटमेरीज कान्वेंट स्कूल में परीक्षा देने से रोके जाने के बाद अपने पराता के संग खड़ी पर
- फोटो : GAJRAULA
गजरौला (अमरोहा)। मात्र दो मिनट की देरी होने पर सीबीएसई बोर्ड की हाईस्कूल की परीक्षा देने आई छात्रा को देख सेंटमेरीज कान्वेंट स्कूल में गार्ड ने गेट बंद कर दिया। वह काफी रोई-गिड़गिड़ाई लेकिन गेट नहीं खोला गया। उसके पिता ने भी गेट के पीछे खड़े स्टाफ से काफी मिन्नते कीं। पैर पकड़कर माफी तक मांगने को कह दिया लेकिन वे नहीं पसीजे। यह नजारा देख गुस्साए अभिभावकों ने गेट के बाहर काफी हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची। छात्रा के पिता ने डीएम उमेश मिश्र से भी फोन पर गुहार लगाई लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। इसके बाद रोती हुई छात्रा परीक्षा दिए बगैर अपने पिता के साथ घर लौट गई।
बुधवार को गांव बांसली निवासी गजराम सिंह अपनी पुत्री अनामिका को हाईस्कूल की परीक्षा दिलाने के लिए मोहल्ला नाईपुरा स्थित सेंटमेरीज कान्वेंट स्कूल पहुंचे। अनामिका गांव खादगूजर स्थित केएसके एकेडमी में कक्षा दस की छात्रा है। बताते हैं कि वह दस बजकर दो मिनट पर स्कूल के गेट पर पहुंची थी। परीक्षा साढ़े दस बजे शुरू होनी थी लेकिन कॉलेज में प्रवेश के लिए दस बजे का समय निर्धारित है। आरोप है कि उसे देखते ही गार्ड ने गेट बंद कर लिया। वह काफी गिड़गिड़ाई। रोते हुए उसने एक साल खराब होने की बात कहते हुए काफी गुहार लगाई, लेकिन गेट नहीं खोला गया। साथ आए पिता ने तो गेट के पीछे खड़े स्टाफ के पैर पकड़कर माफी मांगने तक की बात कही। वहीं, छात्रा के रोने पर वहां भीड़ लग गई। सभासद संजीव अग्रवाल भी आ गए। अपने बच्चों को परीक्षा दिलवाने आए कई अभिभावक भी वहीं रुक गए। उन्होंने प्रबंधन पर हठधर्मिता का आरोप लगाकर हंगामा भी किया। सूचना मिलने पर पुलिस भी आ पहुंची। इतना ही नहीं डीएम उमेश मिश्र से भी फोन पर शिकायत की गई। काफी देर बाद भी कोई हल नहीं निकलने पर छात्रा रोते हुए परीक्षा दिए बगैर ही पिता के साथ लौट गई। वहीं, इस संबंध में जानकारी के लिए प्रधानाचार्य के मोबाइल पर कई बार संपर्क किया गया लेकिन उन्होंने फोन रिसीव ही नहीं किया। स्कूल की ओर से शाम को मोहम्मद आसिफ ने बताया कि सीबीएसई बोर्ड के नियम के मुताबिक दस बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी का प्रवेश वर्जित है।