मंडी धनौरा (अमरोहा)। कोहरे में ट्रेन की चपेट में आकर एक युवती की मौत हो गई। मौत की जानकारी मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवती परिवार के साथ क्षेत्र के एक ईंट भट्टे पर मजदूरी करती थी।
पुलिस ने बताया कि गजरौला क्षेत्र के गांव फिरोजपुर निवासी चंद्रसेन परिवार के साथ थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर माफी के एक ईंट भट्टे पर मजदूरी करता है। रविवार की सुबह उसकी पुत्री कंचन(18) किसी काम से रेलवे ट्रैक के दूसरी ओर गई थी। इस दौरान कोहरे में गजरौला से चलकर नजीबाबाद जाने वाली ट्रेन की चपेट में कंचन आ गई। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मौत की जानकारी मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। ट्रेन चालक ने इस संबंध में स्टेशन अधीक्षक को सूचना दी। रेलवे की ओर से भी पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।