बावनपुरा माफी गांव निवासी किसान जतिन (29) ने घर में खुद को तमंचे से गोली मारकर जान दे दी। कुछ ही देर में भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तमंचा बरामद कर लिया है। वहीं, पुलिस ने घटना को इत्तेफाकिया दर्ज किया है। पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक, जतिन गांव निवासी किसान रणवीर सिंह के बेटा था। उनके परिवार में पत्नी व दो बच्चे हैं। खेती करने वाले जतिन को शराब पीने की लत थी। होली के बाद से वह लगातार शराब पी रहा था। बुधवार रात भी घर शराब पीकर पहुंचा और रात करीब नौ बजे घर के आंगन में खड़े कनपटी से तमंचा सटाकर खुद को गोली मार ली। परिजन जतिन को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर रजबपुर थानाध्यक्ष प्रेमपाल सिंह पुलिस के साथ पहुंचे और 315 बोर का तमंचा बरामद किया। जतिन ने आत्महत्या क्यों की परिजन भी इससे अनजान है। सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि मामले में इत्तेफाकिया रिपोर्ट दर्ज की गई है। मृतक जतिन के पास तमंचा कहां से आया इसकी जांच की जा रही है। मामले में आयुध अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।