हसनपुर। गजरौला मार्ग पर कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार किसान की मौत हो गई। आक्रोशित लोगों ने कार में तोड़फोड़ की। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ। पुलिस ने मामला शांत कराया। क्षतिग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में किया गया है। कार चालक की तलाश की जा रही है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव मछरई में किसान इरफान खां (60) का परिवार रहता है। शनिवार की दोपहर को इरफान खां अपने घर से बाइक से गांव के पास ही बाइक में तेल भरवाने के लिए हसनपुर गजरौला मार्ग पर स्थित पेट्रोल पंप पर जा रहे थे। जैसे से ही उन्होंने बाइक सड़क से पेट्रोल पंप की तरफ मोड़ने का प्रयास किया, इसी बीच पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में मौके पर ही इरफान खां की मौत हो गई। कार चालक मौके पर कार को छोड़कर भाग गया।
गुस्साए लोगों ने कार में तोड़फोड़ कर दी और जमकर हंगामा किया। इस दौरान करीब बीस मिनट के लिए जाम की स्थिति भी बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया और यातायात व्यवस्था को सुचारु कराया।
मृतक ने अपने पीछे पत्नी अनीशा बेगम, पांच बेटे व तीन बेटियां छोड़ी हैं। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रेमपाल सिंह ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है। इस मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। कार किसकी है, इसकी जांच कराई जा रही है। संवाद