अमरोहा। नगर कोतवाली क्षेत्र के बसावन गंज मोहल्ले में घड़ी वापस करने को लेकर ग्राहक और दुकानदार के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया और व्यापारियों में आक्रोश फैल गया। व्यापारियों ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला चिल्ला निवासी समीर खान की बसावन गंज में घड़ियों की दुकान है। आरोप है कि ईद से एक दिन पहले एक ग्राहक उनकी दुकान से दो घड़ियां खरीदकर ले गया था। बाद में वह ग्राहक खराब हालत में घड़ियां वापस करने पहुंचा। समीर खान ने टूटी हुई घड़ियां वापस लेने से इन्कार किया, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान ग्राहक ने अपने कई साथियों को बुला लिया। इसके बाद सभी लोग दुकान में घुस आए और जमकर मारपीट की। इस दौरान दुकान में तोड़फोड़ की गई और सामान भी इधर-उधर फेंक दिया गया। आरोपियों ने दुकानदार की पत्नी और बच्चों के साथ भी मारपीट की। मामला तब और गंभीर हो गया जब समीर खान ने लूटपाट का आरोप भी लगाया। समीर खान का कहना है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उनकी पत्नी की सोने की चेन छीन ली और दुकान में रखी नकदी भी लूट ली। सोमवार को अन्य व्यापारियों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और न्याय की गुहार लगाई। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों के खिलाफ जल्द सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।