अमरोहा। डिडौली-कैलसा मार्ग पर बृहस्पतिवार रात एक चलती कार में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पूरी कार को चपेट में ले लिया। कार सवार दो लोगों ने किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाई। धू-धूकर जलती कार को देखकर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंची दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। लेकिन, तब तक पूरी कार जलकर राख हो गई।
अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के भवनपुरी उर्फ बवनिया निवासी समरपाल सिंह डिडौली कोतवाली क्षेत्र के मानकजुड़ी निवासी गंभीर सिंह के साथ बृहस्पतिवार रात नीलीखेड़ी से घर लौट रहे थे। वह डिडौली-कैलसा मार्ग स्थित रसूलपुर गांव के पास पहुंचे, तो सड़क पर दौड़ती कार में आग लग गई। समरपाल सिंह और गंभीर सिंह कुछ समझ पाते, इससे पहले ही आग ने पूरी कार को चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में कार धू-धूकर जलने लगी। समरपाल और गंभीर ने किसी तरह कार से कूदकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया। गनीमत रही बड़ा हादसा होने से बच गया।