अमरोहा। 2047 तक प्रदेश को विकसित राज्य बनाने की मुहिम सरकार ने शुरू कर दी है। इसके लिए 11 व 12 सितंबर को दो दिवसीय कार्यशाला व जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। तीन शक्तियों व 12 सेक्टर पर आधारित इस कार्यक्रम में प्रबुद्ध लोगों व प्रगतिशील किसानों से रोडमैप चर्चा करते हुए उनके सुझाव भी लिए जाएंगे। आयोजन के लिए सोमवार को डीएम ने कलक्ट्रेट में बैठक कर कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
डीएम निधि गुप्ता वत्स ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश को 2047 तक एक विकसित राज्य बनाने का संकल्प लिया गया है। इस मिशन में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुऐ एक समृद्ध, समान और वैश्विक स्तर पर प्रदेश को चमकाने का प्रयास किया जाएगा। इस मिशन को दिशा प्रदान करने के लिए विजन डॉक्यूमेंट बनाया जाना प्रस्तावित किया गया है। यह विजन डॉक्यूमेंट तीन थीम अर्थ शक्ति, सृजन शक्ति, जीवन शक्ति एवं 12 सेक्टर कृषि एवं सम्बद्ध, पशुधन संरक्षण, औद्योगिक विकास, आईटी एवं इमर्जिंग प्रोद्योगिकी, पर्यटन, नगर एवं ग्राम्य विकास, अवस्थापना, संतुलित विकास, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा सुरक्षा एवं सुशासन पर ध्यान केंद्रित करते हुए तैयार किया जा रहा है। डीएम ने बताया कि इसके लिए आम लोगों की सहभागिता भी जरूरी हाेगी।
क्यूआर कोड स्कैन कर अथवा पोर्टल https://samarthuttarpradesh.up.gov.in पर लिखकर या बोलकर अपने सुझाव दे सकते है। यह सुझाव जनपद, प्रदेश एवं देश में प्रगति लाएंगे तथा 2047 के रोडमैप बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने बताया कि 11 व 12 सितंबर को जनपद में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के लिए सेवानिवृत्त आईएएस करन सिंह चौहान, सेवानिवृत्त विशेष महानिदेशक रणजीत सिंह, आचार्य चौ. चरण सिंह विवि मेरठ श्री प्रो. मृदुल कुमार गुप्ता, सह निदेशक (सह. प्राध्यापक) सरदार बल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विवि डॉ. अरविन्द कुमार, सेवानिवृत्त मुख्य कार्यकारी अभियंता राजीव शर्मा और जनपद के नोडल अधिकारी एवं आवास आयुक्त डा. बलकार सिंह शामिल रहेंगे। बैठक में सीडीओ अश्वनी कुमार मिश्र, सीएमओ डॉ. सत्यपाल सिंह, डीडीओ सरिता द्विवेदी, पीडी डीआरडीए अंबरीश कुमार, डिप्टी कलक्टर बृजपाल सिंह, डीएसटीओ पुनीत कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।