अमरोहा। कचहरी में पेशी के बाद कैदियों को ले जा रहे वाहन में रज्जाकपुर के पास पीछे से बोलेरो चालक ने टक्कर मार दी। पुलिस ने बेलेरो चालक समेत पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, मगर कोई क्लू सामने नहीं आया है।
बृहस्पतिवार शाम को कचहरी में पेशी के बाद कैदी वाहन से कैदियों को लेकर बिजनौर जेल जा रहा था। जब कैदी वाहन रज्जाकपुर के समीप पहुंचा तभी तेज गति से आई बेलेरो गाड़ी ने कैदी वाहन में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर मारने का संदेश जैसे ही प्रसारित हुआ तो हड़कंप मच गया। कोतवाली नौगांवा सादात पुलिस अलर्ट हो गई और चालक समेत बेलेरो में सवार पांच लोगों को हिरासत में ले लिया। पांचों से पूछताछ की मगर शुरूआती जांच में जंप पर गाड़ी कूदने से टक्कर लगने का मामला सामने आया है। सही तथ्य जांच के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल पुलिस पूछताछ में जुटी है। पांचों आरोपी अमरोहा व बिजनौर जिले के अलग-अलग गांवों के बताए जा रहे हैं।