उझारी। नगर के मोहल्ला सलीम नगर में बुधवार सुबह सड़क हादसे में पति-पत्नी समेत तीन लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब बोलेरो का अगला टायर अचानक पंचर हो गया और अनियंत्रित होकर टेंपो से टक्कर हो गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सैदनगली थाना क्षेत्र के गांव ढक्का निवासी टेंपो चालक सरफराज अपने टेंपो में गांव के ही नदीम और उनकी पत्नी दरक्शा को लेकर मेरठ जा रहा था। दरक्शा अपने मायके ससुराल जा रही थी। इसी दौरान उझारी के पास सामने से आ रही बोलेरो का टायर फटने से हादसा हो गया। बोलेरो की टक्कर टेंपो से हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और टेंपो में फंसे घायलों को बाहर निकालकर निजी वाहनों की मदद से नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलने पर थाना सैदनगली पुलिस मौके पर पहुंची। थाना अध्यक्ष विकास सहरावत ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बोलेरो का अगला टायर पंचर होना हादसे का कारण सामने आया है। फिलहाल दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौते का प्रयास चल रहा है। किसी भी पक्ष द्वारा कानूनी कार्रवाई नहीं कराई जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।