रहरा। कोहरे में रहरा-हसनपुर मार्ग पर गांव दौरारा के पास शनिवार की रात गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक सवार गांव रहरा निवासी प्रशांत (18) की मौत हो गई है। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रविवार को शव घर पहुंचने पर परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर पुलिस पर घटना की जानकारी नहीं देने और मुआवजे की मांग को लेकर हसनपुर मार्ग पर करीब डेढ़ घंटे तक जाम लगाए रखा। ग्रामीणों की पुलिस से नोकझोंक भी हुई। नायब तहसीलदार के आश्वासन पर जाम खोला।
गांव रहरा में स्व. राजेश सिंह का परिवार रहता है। उनके बड़े विश्वास ने बताया कि छोटा भाई प्रशांत रहरा के राजकीय महाविद्यालय में बीए फाइनल ईयर का छात्र था। बताते हैं कि वह प्रशांत के साथ शनिवार को बाइक से हसनपुर कपड़े खरीदने गए थे। गांव लौटते समय विश्वास बाइक चला रहे थे। गांव दौरारा के नजदीक सामने से आ रहे बिना हेड लाइट जलाए आ रही गन्ना लदे ट्रैक्टर ट्राॅली ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में प्रशांत की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
इधर, रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शाम चार बजे जब प्रशांत का शव घर पहुंचा तो गुस्साए परिजनों ने किसान संगठन के पदाधिकारियों और ग्रामीणों के साथ मिलकर करीब 4:50 बजे रहरा में हसनपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। सरकार से उचित मुआवजे की मांग की गई और रहरा पुलिस पर आरोप लगाया कि हादसे के बाद परिजनों को सूचना नहीं दी गई। सीधा शव पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया गया।
भाकियू बीआर आंबेडकर के राष्ट्रीय अध्यक्ष डाॅ. दिग्विजय भाटी ने कहा कि पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाया जाए। लोगों ने एसडीएम व सीओ को मौके पर बुलाने की मांग की। इस दौरान पुलिस कर्मियों से ग्रामीणों की जमकर नोकझोंक हुई। जाम लगने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। दूर-दूर तक वाहनों की लाइन लग गई।
सूचना पर पहुंचे नायब तहसीलदार मनोज कुमार के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए और लगभग डेढ़ घंटे बाद जाम खोला। वहींं ग्रामीणों का कहना है कि बाइक चला रहे विश्वास ने हेलमेट लगा रखा था, जबकि प्रशांत हेलमेट नहीं पहने था। अगर वह भी हेलमेट पहने होता तो शायद उसकी जान बच जाती।
विकास ने बताया कि उनके माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। प्रशांत उनके साथ ही रहता था। हादसे के बाद पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है। थाना अध्यक्ष अतवीर सिंह चौहान ने बताया कि कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मृतक छात्र प्रशांत का फाइल फोटो