अमरोहा। कोरोना वैक्सीन अमरोहा यानी जिला मुख्यालय पहुंच गई है। वैक्सीन को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कोविड-19 कोल्ड चेन भंडारण में रखवाया गया है। वैक्सीन को डब्ल्यूएचओ की गाइडलाइन के मुताबिक टेंपरेचर के साथ फ्रीजर में रखा गया है। शुक्रवार को वैक्सीन सभी सेंटरों पर पहुंच जाएगी। टीकाकरण के लिए पंजीकृत 400 स्वास्थ्य कर्मियों को आज अस्पताल और बूथ नंबर का मैसेज उनके मोबाइल पर मिल जाएगा। संबंधित बूथ अस्पताल में उन्हें टीका लगाया जाएगा। वैक्सीन कोल्ड चेन कक्षों पर 24 घंटे पुलिस मुस्तैद रहेगी। साथ ही टीकाकरण के दौरान हर बूथ पर दो-दो पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। शाम को डीएम और एसपी सुनीति ने वैक्सीन भंडारण कक्ष की सुरक्षा-व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही अफसरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए है।
कोरोना वैक्सीन टीकाकरण के लिए जिले के सरकारी और गैर सरकारी 7993 स्वास्थ्य कर्मी को पंजीकृत हैं। जिले में कुल 77 सेशन साइट बनाई गई हैं। लेकिन शासन के निर्देशानुसार 16 जनवरी को पहले चरण का टीकाकरण केवल चार सेशन साइटों पर कराया जाएगा। हर अस्पताल (सेशन साइट बूथ) पर 100-100 स्वास्थ्य कर्मियों को बुलाया जाएगा। कुछ 400 स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया जाएगा। जिन स्वास्थ्य कर्मियों को टीकाकरण के लिए बुलाया जाएगा उन्हें किस सेशन साइट बूथ पर पहुंचना है इसका संदेश मोबाइल पर मिल जाएगा।
शुक्रवार को (आज) जिला मुख्यालय से वैक्सीन की डोज संबंधित अस्पताल के कोल्ड चेन में सुरक्षित रखवा दी जाएंगी। शनिवार की सुबह नौ बजे से टीकाकरण शुरू होगा, शाम पांच बजे तक चलेगा। इससे पहले सभी अस्पतालों गेट पर जांच पड़ताल होगी। एप पर पंजीकृत नाम पते की आधार पर स्वास्थ्य कर्मियों की आईडी का मिलान किया जाएगा। इसके बाद टीका लगाया जाएगा। वहीं टीकाकरण के बाद किसी भी तरह के साइड इफेक्ट से निपटने के लिए चिकित्सकों की टीम मौके पर रहेगी। इसके लिए बूथों पर सभी तरह की व्यवस्थाएं की गई हैं।
कोरोना वैक्सीन की 9660 डोज अमरोहा पहुंच गई हैं। वैक्सीन को कोल्ड चेन फ्रीजर में रखवा दिया गया है। शनिवार को 400 लोगों को टीका लगेगा। कोल्ड चेन कक्ष की सुरक्षा के लिए पुलिस कर्मी तैनात है। पहले छह सेशन साइटों पर टीकाकरण होना था। लेकिन, नए निर्देशों के अनुसार गजरौला और धनौरा सीएचसी पर टीकाकरण नहीं होगा। यहां के लिए पंजीकृत 200 कर्मियों को भी डोज नहीं दी जाएगी। इसके लिए आगे की कोई तारीख तय होगी।
- डॉ सौभाग्य प्रकाश, सीएमओ अमरोहा
जिले को मिलीं 9660 डोज
अमरोहा। जिले में 7993 स्वास्थ्य कर्मी पंजीकृत है। यहां संख्या बढ़ भी सकती है। ऐसे में सरकार से जनपद को कोरोना वैक्सीन की 9660 डोज मिली हैं।
इन जगहों लगेगा टीका
अमरोहा। जिला अस्पताल, एमसीएच विंग मोहल्ला कोट, टीबी क्लीनिक, जोया सीएचसी पर 16 जनवरी को टीकाकरण होगा।
दो सेशन साइट और 200 कर्मी हुए कम
अमरोहा। शासन के निर्देश पर पहले जिले के छह सेशन साइटों पर टीकाकरण होना था। लेकिन, गुरुवार को अचानक बदलाव किया गया है। अब 16 जनवरी को गजरौला और धनौरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में टीकाकरण नहीं होगा। साथ ही यहां पहुंचने वाले 200 स्वास्थ्य कर्मियों को इन दिन टीकाकरण नहीं हो सकेगा। अब शासन के आगामी निर्देशों का इंतजार करना पड़ेगा।