यूं तो जिले में संचालित सीबीएसई बोर्ड के सभी विद्यालयों का रिजल्ट लगभग शत-प्रतिशत रहा, लेकिन मेधावियों की सूची में मात्र जनपद के छह विद्यालयों ने ही जगह बनाई। बाकी विद्यालयों का परिणाम बेहतर तो रहा, लेकिन मेधावी सूची में जगह नहीं बना पाए।
पूरे अमरोहा जनपद में सीबीएसई बोर्ड के तहत 33 विद्यालय संचालित हैं। जिनकी परीक्षा पांच केंद्रों पर हुई थी। इन केंद्रों पर 33 विद्यालयों के 2380 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी। इसके बाद प्रत्येक विद्यालय का प्रबंधतंत्र यह सोचकर बैठ गया था कि शायद उनके ही स्कूल का कोई बच्चा सबसे मेधावी निकलेगा, लेकिन मंगलवार को घोषित हुए परीक्षा परिणाम में जनपद के 33 विद्यालयों में से मात्र 6 विद्यालयों के 17 बच्चों ने ही नाम दर्ज कराए। हालांकि बाकी के स्कूलों का रिजल्ट भी शत-प्रतिशत रहा, लेकिन वह मेधावी सूची में नाम नहीं बना सके। सीबीएसई दसवीं का परीक्षा परिणाम अमरोहा जनपद में 95 फीसदी रहा। चूंकि अधिकांश विद्यालयों का रिजल्ट शत-प्रतिशत रहा है। इक्का-दुक्का ही स्कूल में बच्चे फेल हुए हैं।