अमरोहा। हज कमेटी इंडिया ने मेडिकल रिपोर्ट को लेकर पंद्रह दिन पूर्व दिए अपने फरमान को वापस ले लिया है। हजयात्रा पर जाने वाले आजमीनों को अब सीबीसी ब्लड टेस्ट और चेस्ट एक्सरे रिपोर्ट नहीं देनी होगी। आजमीनों को मेडिकल सर्टिफिकेट में सिर्फ ब्लड प्रेशर, शुगर और ब्लड ग्रुप की रिपोर्ट देनी होगी। हज कमेटी इस फरमान से आजमीनों को काफी सहूलियत मिलेगी।
हजयात्रा 2019 के लिए कुर्रा के जरिए आजमीनों का चयन हो चुका है। चयनित आजमीनों को हजयात्रा की पहली किस्त के साथ पासपोर्ट, मेडिकल सर्टिफिकेट के साथ चालान की रसीद और अन्य पेपर जमा करनी है। पंद्रह जनवरी को हज कमेटी इंडिया ने मेडिकल सर्टिफिकेट में ब्लड सीबीसी टेस्ट और चेस्ट एक्सरे की रिपोर्ट जमा करने का फरमान जारी कर आजमीनों की मुश्किलें बढ़ा दी थी। हालांकि कुछ आजमीनों ने इस औपचारिकता को पूरी कर अपने पेपर जमा कर दिए हैं। लेकिन हज कमेटी अपने इस फरमान को वापस ले लिया है। मुरादाबाद के हज ट्रेनर हाजी मुख्तार असलम ने बताया कि हजयात्रा पर जाने वाले आजमीनों को अब सीबीसी ब्लड टेस्ट और चेस्ट एक्सरे कराने की जरूरत नहीं है। मेडिकल सर्टिफिकेेट में शुगर, बीपी और ब्लड ग्रुप रिपोर्ट देनी होगी। जो किसी भी पंजीकृत एमबीबीएस डाक्टर से करा सकते हैं।