दुग्धाभिषेक संग मंडलायुक्त व डीआईजी ने किया तिगरी मेले का शुभारंभ
गजरौला।
उत्तरी भारत का प्रसिद्ध ऐतिहासिक तिगरी गंगा मेले का मंगलवार सुबह 11 बजे शुभारंभ हो गया। मंडलायुक्त राजेश कुमार सिंह, पुलिस उपमहानिरीक्षक ओंकार सिंह, जिला अधिकारी नवनीत सिंह चहल, पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रेनू चौधरी ने हवन में आहुति दी और नाव से गंगा के बीच पहुंचकर दुग्धाभिषेक किया। उद्घाटन समारोह हर-हर गंगे के जयकारों से गूंज उठा।
मंगलवार सुबह करीब दस बजे सदर घाट के सामने बने पंडाल में हवन पूजन पंडित गंगा सरन शर्मा ने मंत्रोच्चारण से शुरू कराया। इस दौरान मंडलायुक्त, डीआईजी, डीएम, एसपी, जिला पंचायत अध्यक्षा व पूर्व कैबिनेट मंत्री चौधरी चंद्रपाल सिंह ने हवन में आहुति देकर मेले में सुख शांति बनाए रखने की मां गंगा से कामना की। इसके बाद बाद सभी अधिकारियों ने नाव से पतित पावनी गंगा की निर्मल धारा के बीच पहुंचकर दुग्धाभिषेक किया। इस दौरान हर हर गंगे के उद्घोष से गंगाघाट गूंज उठे। हवन-पूजन व दुग्धाभिषेक के बाद मंडलायुक्त ने अन्य अधिकारियों के साथ गंगाद्वार पर फीता काटकर मेले का शुभारंभ किया। मेला शुभारंभ के मौके पर हसनपुर विधायक महेंद्र सिंह खडगवंशी भी पहुंच गए। इसके बाद मंडल मुख्यालय से आए अधिकारियों ने मेला का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मंडलायुक्त ने श्रद्धालुओं को गंगा मेला की बधाई देते हुए पूर्ण आस्था के साथ मेले का आनंद उठाने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को अधिक सुविधाएं देने की कोशिश की गई है। श्रद्धालु मेला प्रशासन का सहयोग बनाए रखें। किसी तरह की असुविधा होने पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को सूचित करें। सफाई व्यवस्थाएं बनाए रखें। ऐसी वस्तुओं का प्रयोग नहीं करें जिससे गंगातट व गंगा का जल प्रदूषित हो। यहां जिला पंचायत अध्यक्ष रेनू चौधरी ने भी सहयोग की अपील की। इस मौके पर चंद्रपाल खडगवंशी, सुरभित गुप्ता, थानाध्यक्ष अरविंद मोहन शर्मा, मेला प्रभारी नीरज कुमार, जिपं अध्यक्ष पति सरजीत सिंह, मुकेश सिंह आदि मौजूद रहे।