साइबर ठगों ने बेल्डिंग ठेकेदार के मोबाइल से सिमकार्ड निकालने के बाद उनके बैंक खाते से 90 हजार रुपये निकल लिए। एसपी से शिकायत करने के बाद साइबर सेल ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
डिडौली कोतवाली क्षेत्र के हरियाणा गांव में दिवंगत मरगूब हुसैन का परिवार रहता है। उनका बेटा गय्यूर जमाल पेशे से ठेकेदार हैं। वर्तमान में जमाल ने बिहार के बरौनी में सुधा डेयरी के प्लांट में वेल्डिंग का ठेका ले रखा है। उनका खाता जोया स्थित एक बैंक में है। आठ जुलाई को गय्यूर जमाल बिहार से अमरोहा लौट रहे थे, इस दौरान उनके मोबाइल का नेटवर्क गायब हो गया। ठेकेदार ने घर आकर नया सिमकार्ड लिया तो उन्होंने बैंक के टोल फ्री नंबर पर मिस्ड कॉल देकर खाते का बैलेंस चेक किया। जिसमें 89916 रुपये खाते में पाए मिले। गय्यूर जमाल बैंक पहुंचे और यहां शिकायत दर्ज कराकर खाते पर रोक लगवाई। एसपी को दिए शिकायती पत्र में ठेकेदार ने बताया कि उनके मोबाइल से किसी ने उनका सिमकार्ड निकालकर दूसरा कार्ड लगाकर उनके साथ ठगी कर ली। एसपी के निर्देश पर साइबर सेल ने मामले में जांच शुरू कर दी है।