अमरोहा। सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को जिले के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों अमरोहा, हसनपुर, गंगेश्वरी, गजरौला और नौगावां सादात में सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज एवं मोटिवेशन कार्यक्रम हुए। इनमें 782 प्रशिक्षार्थियों ने प्रतिभाग किया। उन्हें कौशल विकास, रोजगार और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई।
राजकीय आईटीआई अमरोहा में मुख्य अतिथि राम सिंह सैनी, नौगावां सादात में पूर्व सांसद देवेंद्र नागपाल और गजरौला में विधायक धनौरा राजीव तरारा शामिल हुए। गंगेश्वरी और हसनपुर में विधायक हसनपुर महेंद्र सिंह खड़गवंशी के प्रतिनिधि ने प्रतिभाग किया। उन्होंने प्रशिक्षण के साथ कौशल को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए प्रेरित किया।
लीड बैंक मैनेजर और जिला उद्योग केंद्र के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना समेत विभिन्न योजनाओं, बैंक ऋण और स्वरोजगार स्थापित करने की प्रक्रिया बताई। आईटीआई अमरोहा में राम सिंह सैनी ने ‘करो योग, रहो निरोग’ का संदेश देते हुए कौशल को लगातार विकसित करने और सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज में अधिक से अधिक प्रतिभाग करने का आह्वान किया।
नोडल प्रधानाचार्य राहुल कृष्ण शर्मा, प्रधानाचार्य सचिन आर्या समेत संस्थानों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। संवाद