नगर में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। चार दिन पहले एमआर के साथ हुई लूट की घटना का पुलिस अभी तक खुलासा नहीं कर पाई है। इस बीच पुलिस को चुनौती देते हुए चोरों ने किराना स्टोर को निशाना बना लिया। करीब सत्तर हजार का सामान चोरी कर लिया। पुलिस घटना की जांच पड़ताल में जुटी है।
नगर के मोहल्ला महल मोहल्ला निवासी मांटू अग्रवाल की पत्थर वाली मस्जिद के सामने किराना की दुकान है। रोजाना की तरह वह रविवार की रात दुकान बंद करके घर चले गए। रात में चोर दीवार के सहारे छत पर चढ़ गए। खिड़की तोड़कर दुकान के अंदर घुस गए। यहां से नगदी एवं कीमती सामान समेत करीब सत्तर हजार का माल चोरी कर लिया। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरे तथा एलईडी को भी उठा ले गए। सोमवार सुबह जब दुकान स्वामी जब दुकान पर पहुंचे तो उन्हें चोरी की जानकारी हुई तो होश उड़ गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंच गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार त्यागी का कहना है किराना स्टोर में चोरी की जानकारी प्राप्त हुई है। घटना की जांच पड़ताल की जा रही है।