अमरोहा। साइबर ठगों ने डॉक्टर के खाते को निशाना बनाकर 6.8 लाख रुपये निकाल लिए। मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। साइबर टीम मामले की जांच कर रही है।
अमरोहा नगर के मोहल्ला मच्छरट्टा में रहने वाले डॉ. उमर कुरैशी का खाता केनरा बैंक की एक शाखा में है। सात अगस्त को उनके खाते से कई बार पैसे निकाले गए। जबकि, डॉ. उमर कुरैशी कोई भी ऑनलाइन लेन देन नहीं करते हैं। डेबिट कार्ड या क्रेडिट कार्ड भी नहीं चलाते हैं। बावजूद इसके उनके खाते से 685001 रुपये निकाल लिए गए। जब इसकी जानकारी डॉ. उमर कुरैशी को हुई तो उनके होश उड़ गए। वह तुरंत बैंक पहुंचे और मैनेजर से अपने खाते से निकले रुपयों के बारे में पूछा। आरोप है कि बैंक मैनेजर ने कोई सही जानकारी नहीं दी।
डॉ. उमर कुरैशी ने मामले की शिकायत एसपी कुंवर अनुपम सिंह से की। जिसके बाद साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस जांच कर रही है।