ढबारसी (अमरोहा)। ट्रांसफार्मर सही करने के मामले में बड़ा खेल सामने आया है। गांव में 100 केवीए के ट्रांसफार्मर में 63केवीए की मशीन लगी मिली। क्षमता से कम मशीन रखी होने से 10 दिन के अंदर एक ही स्थान पर 100 केवीए के पांच ट्रांसफार्मर फुंक गए। इसका पता तब लगा जब विद्युत आपूर्ति ना मिलने से नाराज लोग धरने पर बैठे तो अधिकारियों ने जेई व मिस्त्री को लाइन में फाल्ट अथवा ट्रांसफार्मर चेक करने के लिए भेजा। ग्रामीणों के समक्ष ही 100 केवीए के ट्रांसफार्मर में 63 केवीए की मशीन लगी मिली। जिसे सुनकर ग्रामीणों ने जांच कराए जाने की मांग की है।
ढबारसी के चौधरियान मोहल्ले की सप्लाई के लिए 100 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। 28 जून को यहां ट्रांसफार्मर फुंक गया था। जिसके बाद 6 जुलाई तक एक के बाद एक चार ट्रांसफार्मर लगाए गए लेकिन विद्युत आपूर्ति चालू करते ही फुंकने का सिलसिला जारी रहा। 10 दिन तक आपूर्ति ना मिलने से गुस्साए ग्रामीण शुक्रवार को ढबारसी के बिजलीघर पर धरने पर बैठ गए थे। चौकी प्रभारी बलवान सिंह व अवर अभियंता ने 24 घंटे में समस्या का समाधान करने का आश्वासन देकर ग्रामीणों का धरना समाप्त करवा दिया था। अधिकारियों के निर्देश पर लगातार ट्रांसफार्मर के फुंकने का कारण जानने के लिए एक मिस्त्री व अवर अभियंता को मौके पर भेजा। मिस्त्री व अवर अभियंता को देखकर ग्रामीण भी ट्रांसफार्मर के निकट मौके पर पहुंच गए। मिस्री ने ट्रांसफार्मर को खोलकर देखा तो उसने बताया कि इस फुंके हुए ट्रांसफार्मर में 100 केवीए के स्थान पर 63 केवीए की मशीन लगी हुई है। जिसे सुनकर ग्रामीण नाराज हो गए। वरिष्ठ अधिकारियों से मामले की जांच कराने की मांग की। हालांकि जब सम्बंधित अधिकारियों से बात की तो वह मामले में लीपापोती करते हुए नजर आए।
गजरौला वर्कशॉप में होती है फुंके ट्रांसफार्मरों की मरम्मत
क्षेत्र के फुंके हुए ट्रांसफार्मरों की मरम्मत गजरौला की वर्कशॉप में होती है। मरम्मत का कान्ट्रेक्ट प्राइवेट लोगों को सरकार द्वारा दिया जाता है। मरम्मत के एवज में सरकार द्वारा कान्ट्रेक्टर को ट्रांसफार्मर की क्षमता के अनुसार धनराशि दी जाती है। लेकिन वह इसमें बड़ा खेल कर रहे हैं। ट्रांसफार्मर के बॉडी में कम क्षमता की मशीनें रखकर सरकार को भी चूना लगाया जा रहा है।
बयान: ढबारसी में 100 केवीए के ट्रांसफामर में 63 केवीए की मशीन मिलने की कोई जानकारी नहीं है। इस तरह का कोई मामला है तो उसकी जांच कराई जाएगी। -अनिल कुमार, बिजली एक्सईएन हसनपुर।