अमरोहा। कोरोना वैक्सीन टीकाकरण के दूसरे चरण में पंजीकृत 1300 में से 643 स्वास्थ्य कर्मियों को कोरोना का टीका लगाया गया। जबकि 657 स्वास्थ्य कर्मी छूट गए है। अब छुटे और नए कर्मियों को 28 जनवरी को टीका लगाया जाएगा। इसके अलावा 29 जनवरी को भी टीकाकरण होगा। टीकाकरण के दौरान बूथों पर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम रहे। स्वास्थ्य कर्मियों के अलावा अन्य लोगों के अंदर जाने पर पाबंदी रही। सीएमओ ने बूथों का निरीक्षण किया। अधीनस्थों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। डीएम और एसपी भी पल-पल की अपडेट लेते रहे।
कोरोना वैक्सीन के दूसरे चरण में शुक्रवार को डब्ल्यूटीएम अस्पताल फतेहपुर, मुन्नी देवी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरोहा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांवा सादात, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरोहा नगर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोया, जिला अस्पताल अमरोहा और टीबी क्लीनिक सहित साथ अस्पतालों के 13 बूथों पर टीकाकरण कराया गया। जिसमें सरकारी, गैर सरकारी स्वास्थ्य कर्मियों के अलावा आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भी शामिल हुईं। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक टीकाकरण का सिलसिला चलता रहा। 16 जनवरी के मुकाबले बूथों पर भीड़ नहीं थी। दिन भर इक्का-दुक्का स्वास्थ्य कर्मियों के आने का सिलसिला जारी रहा। सभी बूथों पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी के अलावा आब्जर्वर और नोडल अधिकारी मौजूद रहे। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगर की नई बिल्डिंग में चार बूथ बनाए गए थे। जिसमें आजम हसनैन, ताहिर हुसैन अभिषेक जोहरी और अखिलेश कुमारी को पहला टीका लगाया गया था। डब्ल्यू टीम में सनी राघव को पहला टीका लगा। सीएमओ सौभाग्य प्रकाश ने अधीनस्थों के साथ बूथों का निरीक्षण किया। यहां मौजूद अधिकारी कर्मचारियों को दिशा निर्देश दिए। सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क हैंड, सैनिटाइजर करने की सख्त हिदायत दी। डीएम उमेश मिश्रा और एसपी सुनीति भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधीनस्थों से पल-पल की अपडेट लेते रहे। सीएमओ सौभाग्य प्रकाश ने बताया कि सात अस्पतालों में 13 बूथों पर 1300 लोगों को टीका लगाया जाना था। लेकिन 643 लोग ही टीका लगवाने पहुंचे। अब छूटे और अन्य नए स्वास्थ्य कर्मियों को 28 और 29 जनवरी को लगाया गया है।