मंडी धनौरा। रामगंगा पोषक नहर में नहाने गए किशोर की बरामदगी की मांग को लेकर परिजनों ने ग्रामीणों संग थाने के बाहर प्रदर्शन किया। परिजनों का आरोप है कि उसके साथ नहा रहे युवकों ने उसका अपहरण कर हत्या कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना क्षेत्र के गांव बसी मुस्तकम निवासी परम सिंह का 13 साल का पुत्र मोहित मंगलवार को गांव के बराबर से निकल रही रामगंगा पोषक नहर में नहाने गया था। निकटवर्ती गांव खाबड़ी निवासी तीन युवक भी रामगंगा पोषक नहर में नहाने गए थे। परम सिंह का आरोप है कि उसके पुत्र मोहित की उन तीनों युवकों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। तीनों ने ही उसके पुत्र का अपहरण कर लिया। उसको अज्ञात स्थान पर ले गए। परम सिंह का आरोप है कि उसके पुत्र की हत्या कर दी गई है। मोहित की बरामदगी की मांग को लेकर परिजनों ने ग्रामीणों संग थाने के बाहर प्रदर्शन किया। प्रभारी निरीक्षक नबाब सिंह का कहना है कि आरोपी युवकों ने बताया कि मोहित ने साथ नहा रहे उनके मोबाइल व रुपये उनके कपड़ों से निकाल लिए थे। उन्होंने मोहित को पकड़ लिया था। पुलिस में शिकायत करने की बात करने पर मोहित ने मोबाइल व रुपये वापस कर दिए थे। मामले की जांच की जा रही है।