अमरोहा। जिले में दूसरे चरण में हुए चुनाव के बाद अब चार जून को होने वाली मतगणना की तैयारियां शुरू हो गई हैं। विधानसभा क्षेत्र वार होने वाली मतगणना के लिए 14-14 टेबल लगाई जाएंगी। इसके अलावा पोस्टल बैलेट की गिनती के लिए अलग टेबल होगी। मतगणना में कार्मिकों की नियुक्ति के लिए मंथन चल रहा है।
दूसरे चरण के तहत जिले में 26 अप्रैल को मतदान की प्रक्रिया पूरी हो गई। जिसके बाद पुलिस- प्रशासन ने राहत की सांस ली है। वहीं, अब मतदान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतगणना को लेकर तैयारी की जा रही है। मतदान के बाद सभी ईवीएम को कड़ी सुरक्षा निगरानी में मंडी समिति में बनाए गए स्ट्रांग रूम में रखवा दिया गया था। उनकी कड़ी निगरानी हो रही है। मतगणना चार जून को सुबह आठ बजे से विधानसभा क्षेत्र वार शुरू होगी। एक विधानसभा सीट की मतगणना के लिए 14 टेबल लगाई जाएंगी। एक राउंड में 14 बूथों की मतगणना होगी। लोकसभा क्षेत्र की अमरोहा, धनौरा, हसनपुर एवं नौगांवा सादात मतगणना मंडी समिति एवं गढ़मुक्तेश्वर की गणना हापुड़ जनपद में होगी। मतगणना के लिए कितने कार्मिक लगेंगे, इसकी तैयारी शुरू हो गई है।
लोकसभा सीटों की गणना विधानसभा वार आयोजित होगी। मतगणना के लिए 14 टेबल लगाई जाएंगी। निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के अनुरूप मतगणना का कार्य संपन्न कराया जाएगा।
- सुरेंद्र सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी
विधानसभा - बूथ
धनौरा (सुरक्षित) - 390
नौगांवा सादात - 377
अमरोहा - 330
हसनपुर - 389
गढ़मुक्तेश्वर - 370
ईवीएम की सुरक्षा को नियुक्त किए गए स्टेटिक मजिस्ट्रेट
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मंडी समिति परिसर में बने स्ट्रांग रूम में रखी गई ईवीएम की त्रिस्तरीय सुरक्षा निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही ईवीएम की सुरक्षा की मॉनिटरिंग के लिए स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। 26 अप्रैल से 10 मई तक जिला गन्ना अधिकारी मनोज कुमार, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अभिहित अधिकारी विनय कुमार व मध्य गंगा नगर , खंड चार के सहायक अभियंता वसीम अहमद स्टेटिक मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी निभाएंगे। वहीं, 11 से 25 मई तक वाणिज्य कर अधिकारी अनुराग जायसवाल, भूमि संरक्षण अधिकारी बबलू कुमार तथा जिला उद्यान अधिकारी सर्वेश चंद्र व 25 मई से मतगणना की समाप्ति तक मध्य गंगा नगर खंड तीन के सहायक अभियंता हेमंत शांडिल्य, एआर कोआपरेटिव वरुण अग्रवाल व सहायक अभियंता मध्य गंगा नगर खंड तीन को स्टेटिक मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी दी गई है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि सभी नियुक्त किए गए स्टेटिक मजिस्ट्रेट आठ-आठ घंटे की ड्यूटी कर स्ट्रांग रूम सुरक्षा की निगरानी करेंगे।