कुछ लोगों ने सोने की मूर्ति बेचने का झांसा देकर व्यापारी से 5.6 लाख रुपये हड़प लिए। जांच में मूर्ति नकली निकली। मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
मोहल्ला खेड़ा निवासी अजय कुमार गुप्ता चौराहे पर मोहित-रोहित प्लास्टिक स्टोर के नाम से दुकान चलाते हैं। आरोप है कि 24 अगस्त के दोपहर एक व्यक्ति आया और उसने चांदी के सिक्के दिखाएं। कहा, घर में खोदाई करते समय पीली धातु की कुछ चीज मिली हैं। जिसे वह सस्ते दामों में बेचना चाहता है। इसके बाद वह 25 अगस्त को एक महिला व व्यक्ति के साथ दुकान पर आया और उसने सोने की कुछ चीज दिखाईं। इसके बाद आरोपियों ने अजय को रुपये लेकर मुरादाबाद आने के लिए कहा। 27 अगस्त को अजय पत्नी उषा गुप्ता व बेटे मोहित के साथ मुरादाबाद पहुंचे।
यहां आरोपियों ने कपड़े की पोटली में बंद कर गणेश की मूर्तियां दे दीं। अजय ने उन्हें मूर्तियों के एवज में 5.6 लाख रुपये दे दिए। लेकिन, घर आने के बाद उन्होंने मूर्तियों की जांच कराई तो वह नकली निकलीं। अजय ने मामले की शिकायत एसपी कुंवर अनुपम सिंह से की। सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि मामले में अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है।