चुचैला कलां। आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जनपद में आठ लाख रुपये का चोरी किया गया सोना खरीदने वाले गांव के ही दो लोगों को आंध्र प्रदेश पुलिस द्वारा छोड़ देना किसी के गले नहीं उतर रहा है। थाना पुलिस भी इस संबंध में कोई जानकारी नहीं दे पा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से लोगों में रोष है।
फरवरी 2018 में आंध्र प्रदेश में चंद्रमाला रेडडी का आठ लाख रुपये का सोना चोरी हो गया था। वहां की पुलिस ने चुचैला कलां के साबिर और बास्टा क्षेत्र के गांव सबदलपुर निवासी आशिक को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में दोनों ने चोरी किए गए सोने को गांव के ही दो लोगों को बेचने की बात बताई। आंध्र प्रदेश पुलिस ने स्थानीय पुलिस को साथ लेकर गांव में दबिश दी और दो लोगों को पकड़ लिया। पहले गिरफ्तारी, बाद में हिरासत की बात कहकर दोनों को छोड़ दिया गया। इस संबंध में आंध्र प्रदेश पुलिस के निरीक्षक बाजीराव साईद का कहना था कि हमारा मकसद सोने की रिकवरी करना है। चोरी का माल खरीदना अपराध है। सिर्फ रिकवरी करने से ही दोनों का अपराध कम नहीं हो जाता है। प्रभारी निरीक्षक नवाब सिंह का कहना है कि सर्राफ को आंध्र प्रदेश पुलिस ने ही पकड़ा था। इस संबंध में अधिक जानकारी उनके द्वारा ही दी जा सकती है।