गजरौला। उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल की ओर से एक बैठक का आयोजन किया गया। इसमें बिजली कटौती और लो वोल्टेज का मुद्दा छाया रहा। वहीं व्यापारियों की कई समस्याओं पर चर्चा हुई।
सोमवार को शिव मंदिर चौपला में हुई बैठक के दौरान कई प्रस्ताव पास किए गए। इनमें दो जून को अमरोहा में उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के कार्यक्रम में जाने की व्यवस्था राजीव मित्तल को सौंपी। जीएसटी से संबंधित होर्डिंग्स शहरभर में लगवाने की बात कही। किसानों की तरह व्यापारियों को भी कम ब्याज पर लोन दिलाने की मांग उठाई। व्यापारियों ने कहा कि गैस रिफिल का रेट छह सौ छप्पन रुपये है जबकि ग्राहकों से छह सौ अस्सी रुपये लिए जाते हैं। कहा कि बिजली की ट्रिपिंग से जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में भी एक शिकायती पत्र अधिशासी अभियंता को सौंपने का निर्णय लिया। वार्षिक सदस्यता शुल्क सौ रुपए करने का प्रस्ताव पास किया। बैठक में नगर अध्यक्ष राजीव मित्तल, संजीव सिंघल, सोनू गर्ग, अर्जुन अग्रवाल, विनोद गर्ग, कपिल गोयल, सुबोध सिंघल, कन्हैया बंसल, गजेंद्र सिंह, डॉ आशुतोष, अनुराग बंसल, अतुल अग्रवाल आदि मौजूद रहे।