गजरौला के मोहल्ला सुल्तान नगर नवादा रोड पर स्थित एक घर से टेंपो में भरे गए थे रसगुल्ले
अमर उजाला ब्यूरो
गजरौला।
ईद के त्योहार से एक दिन पहले बाजारों में स्थित हलवाई की दुकानों पर सप्लाई को टेंपो में रखकर जा रहे करीब तीन क्विंटल छेना रसगुल्ले पुलिस व खाद्य विभाग की टीम ने नष्ट करा दिए। चौपला पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने टेंपो से 19 कनस्तर छेना रसगुल्ले बरादम किए। खाद्य निरीक्षक ने नमूने भरकर जांच को भेजे हैं। इससे दुकानों पर मिलावटी रसगुल्ले बेचने वाले हलवाइयों में खलबली मची है।
रविवार दोपहर करीब तीन बजे एक टेंपो में उन्नीस कनस्तर छेना रसगुल्ला बस्ती की तरफ जा रहे थे। चेकिंग के दौरान चौपला चौकी इंचार्ज रामप्रकाश शर्मा ने टेंपो चालक से रसगुल्लों के बारे में पूछताछ की तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। सूचना मिलते ही खाद्य निरीक्षक रामजीत सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। रसगुल्लों के नमूने भर लिए गए। मिलावट के शक में सभी रसगुल्लों को नष्ट करा दिया गया। पूछताछ में टैंपों चालक सूर्य प्रताप ने बताया कि वह नगर के मोहल्ला सुल्तान नगर नवादा रोड स्थित एक घर से टेंपो में रसगुल्ले भरकर मोहल्ला बस्ती स्थित दुकानों पर सप्लाई करने जा रहा था। खाद्य निरीक्षक रामजीत सिंह ने बताया कि करीब तीन क्विंटल रसगुल्ला नष्ट कराया दिया गया। रसगुल्ला कहां बनाया जा रहा है। इस बात की जानकारी की जा रही है। टीम के साथ जल्द ही अभियान चलाया जाएगा। मिलावटी रसगुल्ले पकड़े जाने की सूचना से दुकानों पर मिलावटी माल बेचने वालों में खलबली मच गई।
ईद त्योहार बाजार में मिलावटी रसगुल्ला खपाने की थी तैयारी
गजरौला। ईद के त्योहार पर गजरौला व आसपास की मिठाई की दुकानों पर मिलावटी रसगुल्ला खपाने की तैयारी की जा रही है। पुलिस द्वारा चेकिंग की दौरान पकड़े गए करीब तीन क्विंटल मिलावटी छैना रसगुल्ला बस्ती स्थित दुकानों पर सप्लाई को जा रहे थे। ईद के त्योहार से एक दिन पहले तीन क्विंटल मिलावटी रसगुल्ला बरामद किया गया है। यदि सप्ताहभर पहले से खाद्य विभाग द्वारा संबंधित ठिकारों पर छापेमारी की जाती, तो बड़े पैमाने पर रसगुल्ला बनाने की फैक्ट्री भी पकड़ी जा सकती थी।