अमरोहा। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए सुरक्षा खाका तैयार कर लिया है। परीक्षा के लिए जिले में नौ केंद्र बनाए गए हैं। पांच दिन होने वाली परीक्षा में 42720 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा के लिए हर केंद्र पर एक सेक्टर व एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती होगी।
फरवरी माह में हुई पुलिस भर्ती परीक्षा निरस्त होने के बाद शासन ने फिर से परीक्षा की तारीखों का एलान किया है। 23 से 25 व 30 तथा 31 अगस्त को परीक्षा का आयोजन कराया जाएगा। इसके लिए जिले में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। परीक्षा कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के बीच आयोजित कराई जाएगी। रेलवे स्टेशन से दस किलोमीटर की परिधि में आने वाले कॉलेजों को ही परीक्षा केंद्र बनाने में प्राथमिकता दी गई है।
इस बार केंद्रों में कटौती करते हुए सुरक्षा इंतजामों को बढ़ाया जा रहा है। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। हर केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त रहेगी। परीक्षा केंद्र भी सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रहेंगे। प्रश्नपत्रों को कलक्ट्रेट में बनाए गए स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखवाया जाएगा। जहां से कड़ी सुरक्षा के बीच उन्हें परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा।
-
दिल्ली, झारखंड समेत कई राज्यों से पहुंचेंगे अभ्यर्थी
पुलिस भर्ती परीक्षा में अमरोहा में बनाए गए केंद्रों पर दिल्ली, हरियाणा, झारखंड, मध्य प्रदेश व उत्तराखंड के अलावा मंडल के मुरादाबाद, रामपुर व संभल से पहुंचने वाले अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा केंद्र बनाया है। अन्य प्रदेशों से 5942 व दूसरे जनपदों के 2602 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
-
इन पर रहेगा प्रतिबंध
परीक्षा केंद्रों पर कोई भी पाठ्य सामग्री, कागज के टुकड़े, प्लास्टिक पाउच, इलेक्ट्राॅनिक पेन, मोबाइल, चाबी, ब्लूटूथ डिवाइस, कैमरा, इयरफोन, माइक्रो फोन, घड़ी, काला चश्मा, पर्स, हैंड बेग, हेल्थ बैंड, सिगरेट, लाइटर, पैन ड्राइव, पेजर, कैलकुलेटर, क्रेडिट व डेबिट कार्ड, इरेजर व खुला अथवा पैक किया हुआ खाना भी ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा।
परीक्षा की व्यवस्थाओं को लेकर सभी तैयारियां पूरी की जा रही हैं। परीक्षा कड़ी सुरक्षा निगरानी में संपन्न कराई जाएगी। इसमें किसी भी तरह की कोताही नहीं होने दी जाएगी। सभी को इस संबंध में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
- सुरेंद्र सिंह, एडीएम वित्त व राजस्व