अमरोहा। डेबिट कार्ड बदलकर युवक के खाते से 40 हजार रुपये निकाल लिए गए। मोबाइल पर रकम कटने का मैसेज आने पर युवक को इसकी जानकारी हुई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दी है।
देहात थानाक्षेत्र के मोहल्ला अहमद गढ़ बटवाल निवासी चमन सिंह छह जुलाई को मोहल्ला बदावाला में बाइक शोरूम के सामने एटीएम से रुपये निकालने गए थे। रुपये निकालते समय पहले से मौजूद दो लोगों ने उनका डेबिट कार्ड बदल दिया और वहां से चले गए। इससे पहले चमन सिंह कुछ समझ पाते आरोपियों ने टीपी नगर चौराहे पर स्थित दूसरे एटीएम से 40 हजार रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर मैसेज आने के बाद उन्होंने बैंक जाकर अपने खाते पर रोक लगवाई। सीओ अवधभान भदोरिया ने बताया कि मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है, जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संवाद