ऐतिहासिक तिगरी मेले के आयोजन को लेकर विभागों ने कवायद शुरू कर दी हैं। डीएम ने भी तैयारियों को लेकर अलग-अलग 18 समितियों को जिम्मेदारी सौंपी है। जिसके बाद सभी समिति अपनी तैयारियों को पूरा करने में जुट गई हैं। पंचायत राज विभाग ने भी मेले में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए कार्ययोजना पर काम शुरू कर दिया है। जिसके तहत मेला स्थल पर 3890 अस्थाई शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा। जिनकी जिम्मेदारी 130 सफाईकर्मियों पर होगी।
तिगरी मेले के आयोजन में एक माह का समय बचा है। 15 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मुख्य स्नान होगा, इससे करीब एक सप्ताह पहले से मेले का आयोजन शुरू हो जाएगा। मेले की तैयारियों को लेकर सभी विभाग जुट गए हैं। डीएम निधि गुप्ता वत्स ने भी सभी विभागों को समय से टेंडर प्रक्रिया पूरी कर व्यवस्थाओं को दुरूस्त करने के निर्देश दे दिए हैं। डीएम द्वारा मेले की अलग-अलग व्यवस्थाओं के लिए 18 समितियों का गठन भी किया गया है। जिसमें सड़क, पेयजल, सड़क, बिजली, साफ-सफाई व नेटवर्क आदि के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। मेले में साफ-सफाई व अस्थाई शौचालय के लिए भी पंचायत राज विभाग द्वारा कार्ययोजना तैयार कर ली गई है।
डीपीआरओ पारुल सिसोदिया ने बताया कि मेले में 3890 अस्थाई शौचालय बनाएं जाएंगे। जिसमें 1650 शौचालय 20 यूनिट व 2240 सिंगल यूनिट के होंगे। मेले में सफाई व्यवस्था के लिए 130 सफाई कर्मी लगेंगे। सफाई कर्मियों की तैनाती दो शिफ्टों में होगी पंचायतों के कंसल्टिंग इंजीनियरों भी शौचालय निर्माण की व्यवस्था देखेंगे। चार एडीओ पंचायतों को पर्यवेक्षण का जिम्मा सौंपा गया है। इसके अलावा देखरेख के लिए सचिवों की तैनाती भी की जाएगी। डीपीआरओ ने बताया कि समय रहते मेले की सभी व्यवस्थाओं को पूरा कर लिया जाएगा।