फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amroha News: कार्तिक पूर्णिमा पर 35 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी

विज्ञापन
विज्ञापन
तिगरीधाम(अमरोहा)। कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए तिगरी तट पर आस्था का सागर उमड़ पड़ा। रविवार की मध्य रात्रि से शुरू हुआ स्नान का सिलसिला सोमवार की देर शाम तक चला। इस दौरान पूरा मेला क्षेत्र मां गंगा के घोष से गूंजता रहा। डीएम राजेश कुमार त्यागी का कहना है कि इस तिगरी में 35 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई है। श्रद्धालुओं की इस तादाद से मेला और भव्य हो गया।
विज्ञापन

कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर गंगा की रेती में चारों ओर श्रद्धालु ही श्रद्धालु नजर आ रहे थे। श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई और मां गंगे को नमन कर आशीर्वाद मांगा। स्नान के बाद हवन पूजन किया और गंगा में पुष्प अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। कार्तिक पूर्णिमा के उपलक्ष्य में 20 नवंबर से लगा तिगरी धाम मेला रविवार की मध्य रात्रि से ही शबाब पर था। मुख्य स्नान के लिए जिले समेत आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालुओं का रेला पुण्य लाभ के लिए तिगरी की ओर बढ़ा रहा था।
दूधिया रोशनी में नहाए मेला क्षेत्र की गंगा की रेती पर तिल रखने भर की जगह नजर नहीं आ रही थी। हर तरफ उल्लास का माहौल था, तमाम लोगों ने रात में ही स्नान करना शुरू किया, मगर भोर के बाद तो हर कोई गंगा स्नान के लिए उतावला नजर आया। पूरे दिन गंगा में श्रद्धालुओं के गोते लगाने का सिलसिला जारी रहा। मुख्य स्नान के बाद खिचड़ी भोज हुआ। इसके बाद श्रद्धालुओं ने घरों का रुख कर दिया। डीएम राजेश कुमार त्यागी और एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने गंगा घाटों का दौरा कर सुरक्षा का जायजा लिया। एसपी ने बताया कि तिगरी धाम मेला सकुशल संपन्न होने की तरफ है। मेले में किसी भी तरह की कोई घटना नहीं हुई है।
विज्ञापन

-
विभिन्न संगठनों के कैंपों में हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम
तिगरी धाम। गंगा मेले में जहां एक ओर श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए खेल तमाशे और झूले लगाए गए थे। वहीं मेले में लगे विभिन्न संगठनों के कैंपों में रात भर सांस्कृतिक कार्यक्रम चलते रहे।

गंगा तट पर महकी खिचड़ी की खुशबू
तिगरी धाम। कार्तिक पूर्णिमा पर तिगरी गंगा धाम मेले में उड़द की दाल और चावल की खिचड़ी की महक आती रही। मुख्य स्नान के बाद तंबुओं में महिला श्रद्धालुओं ने चूल्हों पर खिचड़ी पकाई और दान किया। बाद में परिवार के साथ खिचड़ी का जायका लिया। वहीं विभिन्न संगठनों ने भी खिचड़ी और हलवा का वितरण किया।
विज्ञापन

-
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें