पुलिस ने मृतक के खिलाफ दर्ज की धारा 307 की रिपोर्ट
आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव चंदनकोटा का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
ढबारसी।
पति-पत्नी के बीच दो वर्षों से चला आ रहा मनमुटाव एक बुरे अंजाम तक पहुंच जाएगा यह किसी ने सोचा भी नहीं था। गुस्साए पति ने फावड़े से पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया। घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। इसके बाद गांव से बाहर आरोपी पति का शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई। शव कब्जे में लेकर पीएम को भेजा गया। पुलिस ने मृतक के खिलाफ पत्नी पर जानलेवा हमला करने संबंधी धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। मामले की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।
आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव चंदनकोटा निवासी पैंतालीस वर्षीय तेजपाल पुत्र गंगासहाय मेरठ में चारपाई बुनाई का काम करता था। बताया जाता है कि करीब दो वर्ष पहले वह पत्नी संतोष के साथ चंढ़ीगढ़ मजदूरी करने गया था। यहीं से दंपति के बीच किसी बात को लेकर मनमुटाव हो गया था। इसके बाद दोनों घर आ गए। बताया जाता है कि जब तेजपाल मेरठ में रहता था, तो पत्नी गांव में बच्चों के साथ ही रहती थी, लेकिन जब तेजपाल दो-चार दिन के लिए गांव आता था, तब पत्नी अपने मायके चली जाती थी। तीन दिन पहले ही तेजपाल मेरठ से गांव पहुंचा था। तो पत्नी मायके चली गई। सोमवार शाम को पत्नी मायके से लौटी थी, लेकिन इस दौरान किसी बात पर आगबवूला हुए तेजपाल ने फावड़े से पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। रातभर वह अस्तपाल में रही। लेकिन मंगलवार सुबह को तेजपाल का शव गांव के बाहर बिटोरे के पास मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम को भेज दिया।
थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि मामले में मृतक तेजपाल के खिलाफ पत्नी पर जानलेवा हमला करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है। शव पीएम को भेजा है। मामले की पड़ताल की जा रही है।
बोहोश होकर गिर गई पत्नी
ढबारसी। आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव चंदनकोटा में जब तेजपाल के शव मिलने की सूचना अस्पताल में भर्ती उसकी पत्नी को मिली तो वह सीधी गांव पहुंच गई। पति को मुर्छित देख वह बेहोश होकर गिर गई। इसके बाद उसे फिर से अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हत्या की है चर्चा
ढबारसी। आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव चंदनकोटा में संदिग्ध हाल में हुई तेजपाल की मौत को कुछ ग्रामीण दबी जुबान से हत्या बता रहे हैं। लेकिन परिजनों का कहना है कि उसने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की बारीकी से पड़ताल कर रही है। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट में कुछ स्थिति साफ हो पाएगी।