अमरोहा। टीकाकरण के चलते सोमवार को पूर्व सांसद कंवर सिंह तंवर समेत पंजीकृत 6800 में से 3069 ने कोरोना से बचाव का टीका लगवाया है। इसमें 2336 बुजुर्गों ने पहली और 733 स्वास्थ्य कर्मी, फ्रंट लाइन वर्कर्स ने दूसरा टीका लगवाया। कुल 3731लोग छूट गए हैं। टीकाकरण के दौरान सुरक्षा के लिहाज से बूथों पर कड़े इंतजाम रहे। सीएमओ ने बूथों का निरीक्षण कर अधीनस्थों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
सोमवार को जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धनौरा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हसनपुर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोया, समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरोहा नगर, मुन्नदेवी अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रहरा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गजरौला अस्पताल समेत 40 अस्पतालों में 40 बूथों पर टीकाकरण हुआ। टीकाकरण सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक चला।