अमरोहा। हाईवे किनारे हॉस्पिटल निर्माण की उम्मीद बढ़ गई है। पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय चेतन चौहान के परिवार ने 2.25 एकड़ जमीन देने का ऐलान कर दिया है। उनके भाई पीपीएस चौहान और विधायक संगीता चौहान ने भी सहमती जताई है। प्रशासन ने स्वीकृति के लिए शासन को भेजा है। माना जा रहा है स्वीकृति मिल जाएगी। इसके चलते हाईवे किनारे 30 बेड का हॉस्पिटल बन सकेगा।
नेशनल हाईवे पर एक्सीडेंट के बाद इलाज के लिए सबसे अधिक जरूरत होती है लेकिन जिले की हाईवे की सीमा में सरकारी हॉस्पिटल नहीं है। डीएम उमेश मिश्र ने कई बार कोशिश की। इस बीच एक चिकित्सक ने अतरासी-हसनपुर मार्ग पर जमीन देने की बात कही लेकिन वह हाईवे से तीन किलोमीटर अंदर था। इसके बाद डीएम उमेश मिश्र ने पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय चेतन चौहान के परिवार से जमीन के बारे में अनुरोध किया। इसके बाद उनके भाई पीपीएस चौहान कोरल फैक्टरी के समीप जमीन देने को तैयार हो गए। चेतन चौहान की पत्नी संगीता चौहान ने भी सहमति जताई। यह हाईवे किनारे स्थित है। इसके बाद जमीन की कमी खत्म हो गई है। जमीन की स्वीकृति के लिए शासन को भेजा गया है। अब इसके लिए कवायद तेज हो जाएगी। इसके अलावा 30 बेड का हॉस्पिटल बनेगा। हाईवे पर घायलों को इलाज में देरी नहीं होगी। प्रशासन संभावित हॉस्पिटल के नक्शे को 100 बेड का बनाने की तैयारी में जुट गया है। ताकि आने वाले समय में सहूलियत मिल जाए।