डिडौली (अमरोहा)। कस्बे में एक व्यक्ति ने कबाड़ बेचने वाले चाचा-भतीजा से कबाड़ बेचने के नाम पर 28 हजार रुपये ठग लिए। आरोपियों ने कबाड़ के नाम पेटियों में नमक भरकर थमा दिया। पीड़ित ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। डिडौली निवासी घमंडी सिंह और उनका भतीजा रामकिशोर सिंह फेरी लगाकर कबाड़ खरीदते हैं। सोमवार को दोनों हाईवे स्थित डिडौली सीएनजी पंप के पास पहुंचे जहां एक व्यक्ति उनको मिला और अपना नाम रवि बताया। उसने खुद को एक फैक्ट्ररी स्वामी बताया और कहा कि उसकी गाड़ी खराब हो गई है।
पीछे से आ रही गाड़ी से कुछ कबाड़ व पुराना तांबा बेचना है और उसे पैसों की भी जरूरत है। इस पर घमंडी सिंह ने भतीजे रामकिशोर को 28 हजार देकर रवि के साथ मुरादाबाद पार्श्वनाथ भेजा। वहां रवि ने कहा कि मंडी गेट पर सामान ई-रिक्शा में लादकर आ रहा है और रामकिशोर को वहीं रुकने को कहा।
कुछ देर बाद एक ई-रिक्शा आई, इसमें पैक पेटियां रखी थीं। रामकिशोर बाइक पर सवार होकर जब ई-रिक्शा के पीछे-पीछे हरियाना पहुंचा और उसने पेटियां खोलीं तो उसमें कबाड़ के बजाय 22 किलो नमक भरा मिला। इसके बाद रामकिशोर सिंह ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी है।