अस्पताल में इलाज करवाते फूड पॉइजनिंग के शिकार।
- फोटो : amar ujala
अदलपुर समदू गांव में गोलगप्पे खाने से 27 लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए, जिनमें नौ लोगों की हालत गंभीर हो गई। इससे स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। गांव में कैंप लगाकर बीमार लोगों का उपचार कराया गया। जबकि तीन बच्चों समेत नौ लोगों को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। बीमारों में बच्चों और महिलाओं की संख्या अधिक है।
ये मामला नौगांवा सादात थानाक्षेत्र में अदलपुर समदू गांव का है। मंगलवार देर शाम यहां गोलगप्पे बेचने वाला व्यक्ति ठेला लेकर पहुंचा। वह पहले भी गांव में गोलगप्पे, टिक्की, चाऊमीन व बर्गर आदि खाने का समान बेचने आता था। मंगलवार शाम गांव के तमाम बच्चों और महिलाओं और पुरुषों ने गोलगप्पे खाए। इसके बाद रात में करीब 12 बजे के बाद लोगों की हालत बिगड़नी शुरू हो गई।
एकाएक लोगों को उल्टी, दस्त व पेट दर्द की शिकायत हुई। सभी बीमार लोगों ने गांव में स्थित चिकित्सक से दवा ली। इस दौरान तो उन्हें थोड़ा आराम मिल गया लेकिन बुधवार सुबह 20 से अधिक बच्चों और महिलाएं की हालत ज्यादा खराब हो गई। वह फूड प्वाइजनिंग की चपेट में आ गए।
गांव निवासी अकरम के बेटे अर्श आजम के अलावा मोहम्मद उमर की बेटी आलिया, बुंदू की पत्नी चमन, नाजिम की बेटी लायबा, उमर दराज का बेटे अरमान व फहीम की पत्नी नाजमा की हालत गंभीर बताई गई है। फिलहाल पुलिस गोलगप्पे वाले की तलाश में जुटी है। इंस्पेक्टर संत कुमार ने बताया कि गोलगप्पे बेचने वाले की तलाश की जा रही है।
गांव में टीम भेज कर बीमार लोगों का इलाज कराया गया है। प्रथम दृष्टया लोगों को फूड प्वाइजनिंग हुई है। अब सभी का स्वास्थ्य ठीक है।
-डॉ.राजीव सिंघल, सीएमओ