साइबर अपराधी तरह-तरह के हथकंडे अपना कर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। अब एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। टेलीग्राम पर टास्क पूरा करने का झांसा देकर किसान से 2.34 लाख हड़प लिए। धोखाधड़ी का एहसास होने पर पीड़ित ने टेलीग्राम आईडी के आधार पर अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
डिडौली क्षेत्र के मालीखेड़ा उर्फ शहबाजपुर गांव में रामवीर सिंह का परिवार रहता है। उनके बेटे धर्मपाल सिंह टेलीग्राम चलाते हैं। सात जून को एक टेलीग्राम आईडी से उन्हें टास्क पूरा करने के बदले रुपये देने की बात कही। इसमें सामान्य ज्ञान के सवालों का जवाब देना था। धर्मपाल सिंह ने टास्क पूरा कर दिया और इसके बदले उन्हें कुछ रुपये मिल गए। इसके बाद धर्मपाल सिंह साइबर ठगों की बातों में फंसते चले गए।
एक के बाद एक टेलीग्राम पर सक्रिय साइबर ठगों ने अपने अलग-अलग खातों में 2.34 लाख रुपये जमा करा लिए। बाद में धर्मपाल सिंह को धोखाधड़ी का एहसास हुआ। उन्होंने मामले की शिकायत साइबर पुलिस से की। साइबर थाना पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर डिडौली पुलिस ने टेलीग्राम आईडी के आधार पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सीओ सिटी शक्ति सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
बिना खरीदारी किए खाते से तीन बार में कटे 42000
जोया। बिना ऑनलाइन खरीदारी किए अर्दली के खाते से तीन बार में बिल के रूप में करीब 42000 रुपये काट लिए गए। मामले की शिकायत कोतवाली डिडौली में की गई है। पुलिस जांच में जुट गई है। मामला कस्बे के मोहल्ला इकबाल नगर का है। यहां के निवासी पंकज भटनागर स्वास्थ्य विभागकर्मी हैं। वर्तमान में उनकी तैनाती सीएमओ कार्यालय में अर्दली के रूप में हैं। उनका खाता कस्बे की एक बैंक शाखा में है। शुक्रवार दोपहर उनके खाते से ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर तीन बिलों का भुगतान हुआ। एक-एक करके तीन बार में खाते से 26,740, 9050 तथा 6680 रुपये काट लिए गए। उन्होंने तुरंत ही बैंक पहुंच कर खाते से लेनदेन पर रोक लगवा दी। रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोतवाली डिडौली में तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक हरीश वर्धन सिंह ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी है।