अमरोहा। अक्सर अपने कक्ष से नदारद रहने वाले डॉक्टर प्रभारी मंत्री के निरीक्षण की जानकारी मिलते ही अस्पताल समय से पहुंच गए। मरीज को भी भटकना नहीं पड़ा। ओपीडी में 1750 मरीज पहुंचे, जिसमें बुखार के 22 मरीजों को भर्ती कर उपचार शुरू किया गया है। जबकि खांसी, जुकाम व त्वचा संबंधी रोगियों ने भी दवा ली।
शनिवार से सोमवार तक तीन दिन की छुट्टी के बाद मंगलवार को सरकारी अस्पताल खुले। अचानक प्रभारी मंत्री केपी मलिक का जिला अस्पताल के निरीक्षण प्रस्तावित हो गया। जब इसकी जानकारी डॉक्टर को हुई तो अक्सर अपने कक्ष से गायब रहने वाले डॉक्टर भी समय से बैठे मिले। उधर सुबह सात बजे से ही अस्पताल में मरीजों की भीड़ लग गई। पंजीयन कराने के बाद पर्चा लेकर मरीज डॉक्टर के कक्ष के बाहर लाइन में लग गए। लोगों की भीड़ अधिक होने के कारण अव्यवस्था हावी दिखाई दी। मरीज को समझ नहीं आ रहा था कि चेकअप कहा कराएं और दवाई कहा से लें। हालांकि, कर्मचारियों से पूछने के बाद मरीजों ने अपना चेकअप कराया और इसके बाद दवाई ली। हालांकि, कलक्ट्रेट में बैठक कर प्रभारी मंत्री जिला अस्पताल नहीं पहुंचे। जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. चरन सिंह ने बताया कि जनरल वार्ड में बुखार के 22 मरीज भर्ती हैं, उनका उपचार चल रहा है। डेंगू का नया मरीज नहीं मिला है।