बछरायूं। अपनी बड़ी बेटी से कम उम्र की लड़की को भगा कर ले जाने के मामले में दिल्ली पुलिस ने कस्बे में दबिश दी। आरोपी पुलिस के हाथ नहीं आया। पुलिस ने आरोपी के परिजनों से पूछताछ के बाद उनको छोड़ दिया। कस्बे के मोहल्ला पेशथाना निवासी 42 वर्षीय साकिब दिल्ली के रोहिणी इलाके में हेयर कटिंग सैलून चलाता था। आरोप है कि वहां उसकी मुलाकात 17 साल की एक लड़की से हो गई। उसने उसे अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। एक हफ्ते पहले साकिब उसे लेकर भाग गया। जानकारी होने पर लड़की के पिता ने साकिब के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करा दी। गुरुवार को दिल्ली के रोहिणी थाने की पुलिस ने साकिब के घर पर दबिश दी। वह हाथ नहीं आया। पुलिस घर पर मौजूद उसके परिजनों को लेकर थाने आई। पूछताछ के बाद उनको छोड़ दिया गया। बताया जाता है कि आरोपी साकिब शादीशुदा है और उसके पांच बच्चे हैं। उसकी बड़ी बेटी की उम्र भी 20 साल है।