हसनपुर। क्षेत्र के गांव सिरसा गुर्जर की मंडिया में बाढ़ के पानी से परेशानी झेल रहे ग्रामीणों को राहत प्रदान की गई है। प्रशासन ने 20 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। इन परिवारों को गंगा तटबंध के पास एक स्कूल में बनाए गए राहत शिविर में रखा गया है।गंगा के जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोतरी के कारण सिरसा गुर्जर के मंडिया गांव में बाढ़ का खतरा बढ़ गया था। यह गांव गंगा से महजर 200 मीटर की दूरी पर बसा हुआ है। गांव में 50 से अधिक परिवार हैं। इनमें कुछ परिवार के घरों में कई दिनों से पानी भरा हुआ था। जान माल का खतरा बना हुआ था। एसडीएम पुष्करनाथ चौधरी ने बताया कि लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तुरंत कार्रवाई की और प्रभावित 20 परिवारों को गंगा तटबंध के किनारे स्थित विद्यालय में शिफ्ट कर दिया। इन परिवारों के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं। राहत शिविर में उन्हें पीने का पानी, भोजन, चिकित्सा सहायता और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। एसडीएम ने बताया कि प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। स्थानीय लोगों से भी अपील की गई है कि वे सतर्क रहें और जरूरी निर्देशों का पालन करें।