मंडी धनौरा। पहाड़ों पर हो रही भारी बारिश और बिजनौर बैराज से पास किए जा रहे पानी की वजह से तहसील क्षेत्र में गंगा नदी किनारे बसे गांवों में रहने वाले लोगों को प्रशासन ने हिदायत जारी की है। तहसील क्षेत्र की सभी सात बाढ़ चौकियों को भी अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। उपजिलाधिकारी ने बताया कि बाढ़ चौकियों पर संबंधित क्षेत्र के लेखपालों को लगातार कैंप करने के निर्देश दिए गए हैं।
उत्तराखंड के पहाड़ों पर भारी बारिश हो रही है। पहाड़ों पर हो रही भारी बारिश की वजह से गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है। हालांकि अभी जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है। बिजनौर बैराज से भी लगातार पानी पास किया जा रहा है। तहसील क्षेत्र में ग्राम आजमपुर, शेरपुर, चकनवाला, तिगरी, वाजिदपुर, मोहम्मदाबाद और कांकाठेर में बाढ़ चौकी बनाई गई है। एसडीएम संजय कुमार बंसल ने बताया कि सभी बाढ़ चौकियों को अलर्ट कर दिया गया है। गंगा नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। लेखपालों को भी अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
पॉलिथीन का उपयोग नहीं होने देंगे
मंडी धनौरा। गुरू पूर्णिमा के मौके पर तिगरी में लगने वाले मेले में पॉलिथीन का प्रयोग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उपजिलाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि किसी को भी पॉलिथीन का प्रयोग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। मेले में राजस्व प्रशासन के लोग इस पर नजर रखेंगे। उन्होंने पुलिस को भी इस संबंध में निर्देशित किया है।