अमरोहा। एसपी अमित कुमार आनंद के निर्देश पर यातायात पुलिस ने शहर के विभिन्न चौराहों पर विशेष अभियान चलाया। इस बीच नियमों का उल्लंघन करने पर 190 वाहनों के चालान किए गए।
रविवार को चलाए गए अभियान के दौरान जहां एक ओर चौराहों और मुख्य मार्गों से अवैध अतिक्रमण हटवाया गया तो वहीं दूसरी ओर नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की गई। कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन सड़क दुर्घटनाओं का मुख्य कारण है। प्रभारी यातायात अनुज मलिक ने जनता को यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूक किया। अपील करते हुए कहा कि सड़क पर वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करें।
अपने वाहन के सभी डॉक्यूमेंट एम परिवहन ऐप या डिजिलॉकर पर अपलोड रखें तथा नियमों का पालन करें। अभियान के दौरान पुलिस ने हेलमेट न लगाने वाले 163 वाहनों के चालान किए तो दो पहिया वाहन पर तीन सवारी ले जाने वाले 13, नो पार्किंग में 13, गलत दिशा में चलने वाले एक, मोबाइल फोन पर बात करने पर दो, बिना इंश्योरेंस वाले पर आठ, बिना पॉल्यूशन सर्टिफिकेट वाले छह, ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले एक, सीट बेल्ट न लगाने पर तीन, ड्राइविंग लाइसेंस मांगने पर प्रस्तुत न करने वाले चार वाहनों के चालान किए तो वहीं अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चार वाहनों के चालान किए। इस तरह से कुल 190 वाहनों के चालान किए।