अमरोहा। व्यापार के नाम पर दिल्ली के लोगों ने रजबपुर के किसान से 18.40 लाख रुपये हड़प लिए। रुपये मांगने पर आरोपियों ने दंपती को पीट दिया। मामले में न्यायालय के आदेश पर डिडौली पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रजबपुर थानाक्षेत्र के कलाली गांव में किसान सोनू कुमार का परिवार रहता है। उनकी पहचान दिल्ली के विकासपुरी पश्चिम निवासी हिमांशु गुगनानी, अमरीक सिंह और नरेश चावला से थी। सभी लोगों का घर भी आना-जाना था। आरोप है कि मई 2025 में इन लोगों ने व्यापार में निवेश के नाम पर सोनू कुमार से 18.40 लाख रुपये ले लिए। छह माह में रकम लौटाने का आश्वासन दिया गया था। भरोसा कर सोनू कुमार ने अपने बैंक खाते से आरोपियों के विभिन्न खातों नरेश चावला, हर्षिता एंटरप्राइजेज और मेट्रो ट्रेडिंग कंपनी में किश्तों में धनराशि ट्रांसफर कर दी। इसके अलावा जून 2025 में करीब 1.96 लाख रुपये नकद भी दिए गए।
सोनू कुमार का आरोप है कि बीती जनवरी में जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी टालमटोल करने लगे। आरोप है कि एक मार्च की शाम हिमांशु गुगनानी ने उसे नारंगपुर चौराहे पर बुलाया। वहां पहुंचने पर आरोपी अपने साथियों के साथ पहले से मौजूद थे। जैसे ही पीड़ित ने रुपये मांगे, आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उस पर हमला कर दिया। पीड़ित की पत्नी पिंकी के साथ भी अभद्रता की गई। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर दंपती को बचाया।
आरोपियों ने शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद सोनू कुमार ने थाने में शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। लिहाजा उन्होंने न्यायालय की शरण ली। सीओ अभिषेक यादव ने बताया कि मामले में हिमांशु गुगनानी, अमरीक सिंह व नरेश चावला और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।