मंडी धनौरा। तहसील के गांव सलेमपुर गोसाई निवासी एक परिवार अपनी नाबालिग बेटी की बरामदगी के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रहा है। नाबालिग के पिता का आरोप है कि उसकी बेटी को गांव का ही एक युवक अपहरण कर ले गया है। मंगलवार को परिवार ने समाधान दिवस में फरियाद लगाई और गजरौला पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। एसडीएम ने थाना गजरौला पुलिस को इस संबंध में कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए।
सलेमपुर गोसाई निवासी ग्रामीण ने बताया कि उसकी 15 साल की बेटी को गांव का ही एक युवक अपने तीन साथियों के साथ मिलकर 14 सितंबर को अपहरण कर ले गया है। थाने पर शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं की गई है। ग्रामीण का आरोप है कि बेटी के अपहरण की रिपोर्ट पुलिस दर्ज करने को तैयार नहीं है। मंगलवार को परिजनों ने रिपोर्ट दर्ज करने और बेटी की बरामदगी की मांग को लेकर तहसील में प्रदर्शन किया। इस मौके पर ऊषा, सविता, सर्वेश देवी, वीरवती, मोहित आदि मौजूद रहे।