स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू कराने को सड़कों पर उतरेंगे किसान
राष्ट्रीय किसान महासंघ की शनिवार को गांधी क्रांति प्रतिष्ठान दिल्ली में हुई बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
अमरोहा।
स्वामीनाथन किसान आयोग लागू कराने और देश भर के किसानों की कर्जमाफी को लेकर शनिवार को दिल्ली के गांधी क्रांति प्रतिष्ठान में राष्ट्रीय किसान महासंघ के बैनर तले हुए बैठक में मंथन किया गया। सोलह जून को देश के सभी नेशनल हाइवे पर चक्का जाम का निर्णय लिया गया। बैठक में करीब 62 किसान संगठनों के पदाधिकारियों की भागीदारी रही।
किसानों के संगठनों को जोड़ कर बने राष्ट्रीय किसान महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी हरपाल सिंह ने मोबाइल पर बताया कि शनिवार को महासंघ की गांधी क्रांति प्रतिष्ठान दिल्ली के सभागार में बैठक हुई। जिसमें महासंघ से जुड़े करीब 62 किसान संगठनों के पदाधिकारियों की भागीदारी रही। उन्होंने बताया कि किसानों को कर्ज माफी की लॉलीपॉप देकर सरकार किसानों के साथ छलावा कर रही है। देश व प्रदेश के सभी किसानों का कर्जा माफ होना चाहिए। स्वामीनाथन किसान आयोग की सिफारिशें लागू होनी चाहिए। इसे लागू कराने और किसानों को कर्ज मुक्त कराने की मांग को लेकर 16 जून को देश के सभी नेशनल हाइवे पर चक्का जाम किया जाएगा। इस दौरान उनके साथ भाकियू असली के मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी, जयदेव सिंह, काविंद्र सिंह समेत विभिन्न प्रांतों से आये किसान संगठनों के नेता मौजूद रहे।