गजरौला। जनसंख्या समाधान फाउंडेशन की ओर से रविवार को एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में बढ़ती जनसंख्या से होने वाली परेशानियों के संबंध में विचार रखे गए। वहीं सांसद को ज्ञापन देकर सख्त कानून बनाने की मांग की गई।
गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि फाउंडेशन तीन सालों से देशभर में टू चाइल्ड पालिसी आंदोलन चला रहा है। इसमें सांसद से लेकर पीएम तक को ज्ञापन दिए जा चुके है। देश की आबादी 134 करोड़ है। अगले पांच सालों में हम चीन को पछाड़ देंगे। क्षेत्रफल कम होने के कारण बढ़ती आबादी से संसाधन कम हो रहे हैं। शिक्षा पूरी करने के बाद भी रोजगार के लिए भटकना पड़ रहा है। चीन जैसे देश ने कई साल पहले इस समस्या को पहचान लिया था लेकिन, हमारे यहां राजनीति के चलते इसको दरकिनार किया जा रहा है। फाउंडेशन की ओर से सांसद कंवर सिंह तंवर को ज्ञापन प्रेषित किया गया। मांग की गई कि सरकार सख्त से सख्त जनसंख्या नियंत्रण कानून लेकर आए। जिसमें तीसरा बच्चा पैदा होने पर सभी सरकारी सुविधाएं और सब्सिडी बंद कर दी जाए। वहीं तीसरा बच्चा पैदा करने वाले राजकीय सेवा करने वालों को भी सेवा से वंचित कर दिया जाए। इस अवसर पर सर्वेश कुमार शर्मा, ऋषिपाल सिंह, त्रिभुवन सिंह, दिनेश शर्मा, हरि शंकर जिंदल, अरविंद यादव, संजीव अग्रवाल, योगेंद्र सिंह, गुरुवचन सिद्दू, चरण सिंह, जयकरण सैनी आदि मौजूद रहे।