जोया। पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए गोकश एवं गैंगेस्टर एक्ट के आरोपी परवेज की अवैध तरीके से अर्जित की गई 16 लाख रुपये की संपत्ति को कुर्क किया गया।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि कानून एवं शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए गैंगस्टर अपराधियों के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में क्षेत्राधिकारी सदर विजय कुमार, नायब तहसीलदार के नेतृत्व में थाना डिडौली पुलिस व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा थाना डिडौली क्षेत्र के गोवध और गैंगस्टर आरोपी परवेज निवासी मोहल्ला इकबाल नगर कस्बा जोया की गैंगस्टर एक्ट की धारा 14 (1) के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए करीब 16 लाख रुपये की अवैध चल-अचल संपत्ति कुर्क कर जब्त की गई है। आरोपी परवेज द्वारा अवैध गोवंश की तस्करी, कटान आदि घटनाएं करके अवैध रूप से धन अर्जित कर कस्बा जोया में एक प्लॉट आदि खरीदा, जिसको जब्त किया गया है। परवेज अपने साथियों के साथ मिलकर आस-पास के क्षेत्रों में गोवंश की तस्करी व कटान का काम करता था। संवाद