गजरौला। ईद के त्योहार को लेकर रोडवेज बसों और ट्रेनों में खूब भीड़ भाड़ दिखाई दे रही है। दूर-दराज के शहरों में रहकर नौकरी करने वाले ईद के त्योहार पर घर लौट रहे हैं। बसों में चढ़ने के दौरान यात्रियों में धक्का-मुक्की हो रही है। बसों की छत पर बैठकर भी लोग सफर करते हुए देखे जा रहे हैं। बुधवार यानी पांच जून को ईद का त्योहार मनाया जाएगा। लोग ईद की तैयारियों में लगे हुए हैं। दूर-दराज के शहरों में रहने वाले लोग ईद के त्योहार पर अपने घर की ओर रुख कर रहे हैं। हालांकि ईद के लिए तो कई दिनों पहले ही लोगों के आने का सिलसिला शुरू हो गया था, लेकिन ईद का निश्चित दिन का क्या होगा। इसकी पुष्टि सोमवार को ही हुई थी। इसके लिए लोग त्योहार मनाने के लिए अपने शहर और गांवों की ओर रुख कर घर आए हैं। इसके चलते रोडवेज बसों में खूब भीड़ भाड़ दिखाई दे रही है। ट्रेनें भी फुल हैं। ट्रेन में पैर रखने को भी जगह नहीं मिल पा रही है। बसों और ट्रेनों में भीड़ भाड़ का असर मंगलवार को दिखाई दिया। दिल्ली की ओर से आने वाली और यहां से मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, बदायूं, चांदपुर, बिजनौर की दिशा में जाने वाली बसें पूरी तरह ठसाठस भरी आ रही थीं। बसों में सीट नहीं मिली तो लोग बसों की छत पर भी सफर करते देखे गए। ट्रेनों का भी यही हाल रहा। रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की खूब भीड़ रही। जनरल बोगी के साथ ही आरक्षित कोच में भी भीड़ दिखाई दी।