घर में घुसे युवक को बंधक बनाकर पीटा
मंडी धनौरा। थाना क्षेत्र के एक गांव में युवती से मिलने उसके घर में घुसे युवक की परिजनों ने बंधक बनाकर पूरी रात उसकी पिटाई की। युवक के परिजनों की सूचना पर गांव पहुंची 100 डायल ने युवक को छुड़ाया। दोनों पक्षों में समझौता हो जाने के कारण कोई भी कार्रवाई किसी पक्ष की ओर से नहीं की गई।
क्षेत्र के एक गांव में दूसरे समुदाय की युवती का एक समुदाय के युवक के साथ प्रेम प्रसंग है। बुधवार की रात युवती के परिजन बाहर गए हुए थे। जानकारी होने पर युवक रात को उसके घर पहुंच गया। पड़ोस में रहने वाले युवती के ताऊ ने युवक को घर में घुसते देख लिया। उसने बाहर से दरवाजे की कुंडी बंद कर दी। आरोप है कि ताऊ ने गांव में ही रहने वाले अन्य परिजनों को बुलाकर रात भर युवक की जमकर पिटाई की। सवेरे को इस बारे में युवक के परिजनों को जानकारी हुई तो उन्होंने 100 डायल को सूचना दी। 100 नंबर पुलिस युवक-युवती के परिजनों को लेकर थाने आ गई। दोनों पक्षों में समझौता हो गया।