बरसात में नहीं भीगेगा भाई-बहन का प्यार
-डाक विभाग वाटर प्रूफ लिफाफे में भेजेगा राखियां
-राखी भेजने के लिए खर्च करने होंगे 15 रुपये
फोटो
अमर उजाला ब्यूरो
गजरौला। बरसात में भाई-बहन का प्यार नहीं भीगे। इसके लिए डाक विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है। डाक विभाग ने वाटर प्रूफ लिफाफा तैयार करवाया है। बहनें केवल 15 रुपये खर्च कर अपना प्यार भाइयों को सुरक्षित भेज सकेंगी।
सात अगस्त को रक्षाबंधन का त्योहार पूरे देश में हर्षोल्लास से मनाने के लिए तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। दुकानें सज गई हैं। बाजार में महिलाओं और युवतियों की भीड़ नजर आ रही है। वहीं, बहनों का प्यार भाई तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए डाक विभाग ने वाटर प्रूफ लिफाफे बनवाए हैं। विभाग ने इस लिफाफे की कीमत मात्र दस रुपये निर्धारित की है। वहीं, बहनों को राखी भेजने के लिए इस लिफाफे पर पांच रुपये का डाक टिकट लगाना होगा।
लिफाफे की बिक्री हुई शुरू
गजरौला। रक्षाबंधन के त्योहार पर अपने भाई तक राखी पहुंचाने के लिए बहनें राखी स्पेशल लिफाफा खरीदने के लिए डाकघर तक पहुंच रही हैं। डाक घर से मिली जानकारी के अनुसार अब तक दो दर्जन से अधिक लिफाफे बिक चुके हैं। अगले दो-तीन दिनों में लिफाफे की बिक्री और बढ़ने की उम्मीद है।
अलग से की गई है व्यवस्था
गजरौला। रक्षाबंधन के त्योहार पर राखी को भाई तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए डाक विभाग की ओर से विशेष व्यवस्था की गई है। विभागीय स्तर पर इस कार्य के लिए अलग से टीम लगाई गई है। साथ ही टीम को निर्देशित किया गया है कि राखी को भेजने में किसी भी तरह की लापरवाही ना की जाए। विभाग की कोशिश है कि रक्षाबंधन से कम से कम एक दिन पहले राखी भाइयों तक पहुंचा दी जाए।
दो कलर के हैं वाटर प्रफ लिफाफे
गजरौला। रक्षाबंधन पर राखी को भाई तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए डाक विभाग ने वाटर प्रूफ लिफाफे दो कलरों में तैयार किए हैं। जिसमें एक कलर पीला और दूसरा कलर गुलाबी है। बहनें अपनी पंसद के कलर का लिफाफा खरीदकर भाई को राखी भेज सकती हैं।
वर्जन
रक्षाबंधन के लिफाफे भेजने के लिए अलग से व्यवस्था की गई है। राखी भेजने में रक्षाबंधन की तारीख का विशेष ध्यान रखा जाएगा। राखी स्पेशल लिफाफा मात्र पंद्रह रुपये में देश के किसी भी कोने में भेजा जा सकता है।
....महेश मौर्य, पोस्ट मास्टर, डाक घर, गजरौला